राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र हरियाणा में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन
उद्देश्य की प्राप्ति के लिए किया गया प्रयास क्रांति कहलाता है,
और प्रयास की सफलता के पश्चात यह उद्देश्य उत्सव बन जाता है।
स्वतंत्रता सेनानियों के संग्राम और वीरों के बलिदान से प्राप्त भारत की बहुमूल्य स्वतंत्रता के उत्सव को मनाने के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र हरियाणा द्वारा 15 अगस्त 2025 को एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया ।
सर्वप्रथम स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र, हरियाणा राज्य इकाई के दोनों कार्यालयों को तिरंगे के रंगों से खूबसूरती से सजाया गया। सभी अधिकारियों/कर्मचारियों ने देशभक्ति की भावना को दर्शाते हुए इस गतिविधि में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। तिरंगे की शान के साथ दोनों कार्यालय देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए।
स्वतंत्रता दिवस की सुहावनी सुबह को सभी अधिकारी/कर्मचारी नव सचिवालय हरियाणा के प्रांगण में ध्वजारोहण समारोह के लिए एकत्रित हुए। यह कार्यक्रम हरियाणा नव सचिवालय सिक्युरिटी स्टाफ के साथ मिलकर मनाया गया । तिरंगा फहराने के पश्चात राष्ट्रगान गाकर सभी ने राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया और अपने कर्तव्य पालन के संकल्प को सुदृढ़ किया।
तत्पश्चात अगले कार्यक्रम के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र हरियाणा राज्य इकाई के सभी अधिकारी/कर्मचारी सम्मेलन कक्ष में एकत्रित हुए। यहाँ पर कल्याण समिति ने जलपान के साथ साथ परस्पर संवादात्मक एवं आनंददायक गतिविधियों की व्यवस्था की । अधिकारियों ने जोश और उत्साह से भरे देशभक्ति गीतों और कविताओं के माध्यम से भारतीय संस्कृति, इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की गाथा प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के अंत में श्री सरबजीत सिंह, उपमहानिदेशक एवं राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी ने अपने सम्बोधन में सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए राष्ट्र सर्वप्रथम की नीति को अपनाकर सभी को निरंतर परिश्रम और कर्तव्यों का निर्वाह करने के लिए प्रेरित किया। इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने कल्याण समिति के अधिकारियों की प्रशंसा भी की।
View (2 MB)